गाजीपुर के नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र में सड़क हादसों की तीन घटनाओं में कुल चार लोगों की मौत और कई घायल हुए। पहली घटना में ट्रैक्टर-ट्राली से टकराने पर तीन युवकों की, दूसरी में बोलेरो-ऑटो टक्कर में छह लोग घायल, तीसरी में वृद्ध किसान की मौत हुई। पुलिस ने सभी मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है।
गाजीपुर। नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के दिलदारनगर मार्ग स्थित गगरन और सरहुला गांव के बीच राइस मिल के पास ईंट लदे खड़े ट्रैक्टर-ट्राली में बुधवार की रात बाइक घुस गई थी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, बृहस्पतिवार की सुबह गंभीर रूप से घायल युवक की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में दो सगे भाई सहित तीन युवकों की मौत से भगीरथपुर गांव में कोहराम मचा हुआ है। सुहवल थाना क्षेत्र के भगीरथपुर गांव निवासी ग्राम प्रधान के पति राकेश सिंह यादव ने बताया कि दुर्गेश यादव (28) को कोलकाता से पत्नी और बच्चों को लाने के लिए पंजाब मेल पकड़ने के लिए दिलदारनगर रेलवे स्टेशन जाना था। चंद्रकेश यादव (18) अपने साथी गोवर्धन राम (26) के साथ बड़े भाई दुर्गेश यादव को बाइक से छोड़ने के लिए दिलदारनगर जा रहा था। गगरन और सरहुला गांव के बीच राइस मिल के पास खड़े ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्राली में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर घुस गई थी। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मेडिकल काॅलेज अस्पताल में डॉक्टरों ने दुर्गेश यादव और गोवर्धन राम को मृत घोषित कर दिया था। इधर, गंभीर रूप से घायल चंद्रकेश यादव को बचाने के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल की टीम ने पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन सुबह पांच बजे इलाज के दौरान चंद्रकेश यादव ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में दो सगे भाईयों सहित तीन की मौत से कोहराम मच गया। नगसरहाल्ट थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की वजह सड़क किनारे लापरवाही से खड़ा ट्रैक्टर-ट्रॉली है। विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
बोलेरो ने ऑटो को मारी टक्कर, छह घायल, दो गंभीर-रेवतीपुर। नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के ढढनी नगसर मार्ग पर अंवती मोड़ के पास बृहस्पतिवार को सवारियों से भरी ऑटो में बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। ऑटो पलटने से उसमें सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने बोलेरो का कुछ दूरी तक पीछा किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग गया। पुलिस ने घायलों को रेवतीपुर सीएचसी पर भर्ती कराया। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
गहमर कोतवाली क्षेत्र के सेवराई गांव निवासी चालक वीरेंद्र ने बताया कि दुर्गा देवी, ओंमजी, काजल, आंचल और गजरही निवासी शांति को टोटो से लेकर सोनहरिया ब्रह्म बाबा धाम दर्शन पूजन के लिए गए थे। सभी ऑटो से घर से लौट रहे थे। नगसर की ओर से सामने से एक तेज रफ्तार बोलेरो ने ऑटो में टक्कर मार दी। इससे ऑटो कुछ दूर घिसटते हुए दूर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। चीखपुकार सुनकर ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए और घायलों को सीएचसी ले गए। वहां से चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल दुर्गा देवी और शांति देवी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि हादसे में घायल सभी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
बाइक के धक्के से साइकिल सवार वृद्ध किसान की मौत-नंदगंज। थाना क्षेत्र के इमिलियां गांव में तेज रफ्तार बाइक के धक्के से बुधवार को साइकिल सवार एक वृद्ध किसान की मौत हो गई। वह साइकिल से खेत पर जा रहे थे। बेटी की तहरीर पर बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्जकर पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। किशोहरी गांव निवासी सरिता ने तहरीर देकर बताया कि पिता बिशुनी बिंद (70) खेती करकेे परिवार का जीविकापार्जन करते थे। वह साइकिल से खेत पर जा रहे थे। वे इमिलियां गांव पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक बाइक लेकर भाग गया। लोग पिता को मेडिकल काॅलेज अस्पताल लेकर आए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। रास्ते में ही पहाड़पुर के पास पिता की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले आए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इधर परिजनों के रोने- बिलखने की आवाज सुनकर दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक की बेटी की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।