डुहिया में जलनिकासी के विवाद के दौरान जुटी भीड़-संवाद
सुहवल। थाना क्षेत्र के डुहिया में दो दिन पहले जलनिकासी के लिए हुए विवाद का समाधान करने के लिए शुक्रवार को जमानिया एसडीएम मनोज पाठक गांव पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों से बातचीत कर समस्याओं को सुनने के साथ आश्वासन किया दिया कि जल्द से जल्द जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। साथ ही ग्राम सचिव को लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
एसडीएम मनोज कुमार पाठक ने ग्रामीणों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में लेने का प्रयास न करें, वजह प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। साथ ही एसडीएम ने ग्राम सचिव बेचन को कड़ी फटकार लगाते हुए पूछा कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई और विवाद की जानकारी समय पर उच्चाधिकारियों को क्यों नहीं दी गई। एसडीएम ने चेतावनी दी कि इस लापरवाही पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
23 जून को जलनिकासी को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे। एक पक्ष की महिलाओं ने दूसरे पक्ष द्वारा निर्मित लगभग 70 फीट लंबी और पांच फीट ऊंची चहारदीवारी को लोहे की रॉड से तोड़ दिया था। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। एसडीएम मनोज कुमार पाठक ने बताया कि मौके का निरीक्षण कर लिया गया है। जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी महेंद्र, कानूनगो रामराज, लेखपाल रमेश सत्यप्रकाश, नायब तहसीलदार आकाश राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।