औड़िहार। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के राजनपुर गांव स्थित घर से करीब 200 मीटर दूर गांगी नदी की तरफ मंगलवार को शौच करने जा रहे युवक को बदमाश ने गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन घायल को उपचार के लिए सीएचसी सैदपुर लेकर आए, जहां से डॉक्टरों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घटना के पीछे पुलिस भूमि विवाद सहित अन्य बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। इधर, घायल की मां की तहरीर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर दो संदिग्धों को उठाकर पूछताछ कर रही है।
राजनपुर गांव निवासी अजीत यादव (24) उर्फ गोलू सुबह करीब सात बजे घर से 200 मीटर दूर गांगी नदी के तरफ शौच करने जा रहा था। वहां पहले से घात लगाए बदमाश ने तमंचे से युवक पर फायर कर दिया। गोली दाहिने कंधे पर लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर ले गई। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
परिजनों ने पुलिस बताया कि आरोपी गांव का रहने वाला है। इसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं। ग्रामीणों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी और घायल आपस में पट्टीदार हैं। भूमि विवाद को लेकर पूर्व में विवाद हुआ था। पुलिस ने दो संदिग्धों को उठाकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि घायल की मां की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्जकर आरोपी की तलाश की जा रही है।