गाजीपुर। जनपद में 14 वर्ष बाद मुठभेड़ में बदमाश मारा गया है। पुलिस के भी अधिकारियों को सटीक जानकारी नहीं है कि आखिरी बार कब मुठभेड़ में किस बदमाश की मौत हुई थी। हालांकि इस वर्ष मुठभेड़ 16 घटनाएं हुई हैं, जिनमें पिछले 70 दिन में ही नौ मुठभेड़ हुई है। इस दौरान एक बदमाश की मौत हुई है। जबकि शेष घटनाओं में एक-एक बदमाश की गिरफ्तारी हुई है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक 2011 के बाद जनपद में ऐसी कोई मुठभेड़ नहीं हुई जिसमें बदमाश की मौत हुई हो। दूसरी ओर इस वर्ष हुए मुठभेड़ की बात करें तो 16 बार मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश की मौत हुई है। इतना ही नहीं, कार्रवाई पर नजर करें तो जनपद में 78वें एसपी के रूप में 70 दिन पहले कार्यभार संभालने वाले डॉ. ईरज राजा के समय में मुठभेड़ की घटनाएं बढ़ी हैं। इनके कार्यकाल में नौ मुठभेड़ हुए, जिसमें एक बदमाश की मौत हुई है। जबकि आठ घायल हुए हैं। 21 सितंबर के बाद 23 सितंबर की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे आरपीएफ के दो जवानों की हत्या मामले में मुठभेड़ हुई।
इस वर्ष हुई मुठभेड़
# 1 जनवरीः भांवरकोल पुलिस ने गो-तस्कर संतोष राजभर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया।
# 12 जनवरी: भांवरकोल पुलिस ने गो तस्कर अकबर खान मुठभेड़ में गिरफ्तार।
# 22 फरवरी: गहमर पुलिस ने शातिर अपराधी संजय नट को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार।
# 20 मार्च: मुहम्मदाबाद पुलिस ने शातिर बदमाश गौतम साहनी और समीर सोनकर को किया गिरफ्तार।
# 26 मई : खानपुर पुलिस ने आदित्य, अंगद यादव, समीर को किया गिरफ्तार।
# एक जून : भांवरकोल पुलिस ने चंदन, देवेश, अतुल, रवि प्रकाश, अमित, दशरथ और महेश को दबोचा।
# 17 जून: मुहम्मदाबाद पुलिस ने शातिर बदमाश सूरज शर्मा को किया गिरफ्तार।
# 16 जुलाई: शहर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में शातिर बदमाश विशाल सिंह को गिरफ्तार किया।
# 22 जुलाई: दिलदारनगर पुलिस ने मुठभेड़ में गो- तस्कर सोनू नट को गिरफ्तार किया।
# 18 अगस्तः शादियाबाद पुलिस ने तस्कर मुहम्मद चुन्नू कुरैसी को किया गिरफ्तार
# 27 अगस्तः गहमर पुलिस ने शराब तस्कर और आरपीएफ के दो जवानों के हत्यारोपी प्रेमचंद कुमार को किया गिरफ्तार।
# 30 अगस्तः खानपुर पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने की कोशिश के आरोपी शैलेश यादव निवासी खटहरा थाना केराकत को गिरफ्तार किया।
# 2 सितंबरः सादात और नंदगंज पुुलिस ने हत्यारोपी रितिक राजभर निवासी ग्राम उकराव थाना बहरियाबाद को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया।
# 14 सितंबरः फायरिंग करने के आरोपी हत्यारोपी संदीप यादव निवासी बसनिया थाना भांवरकोल मुठभेड़ में गिरफ्तार किया।
# 21 गहमर पुलिस ने आरपीएफ के दो जवानों की हत्या में शामिल शराब तस्कर रवि कुमार ग्राम धंडिहा थाना कोईलवर जनपद भोजपुर आरा राज्य बिहार को गिरफ्तार ।
# 23 एसटीएफ और गहमर पुलिस ने आरपीएफ के दो जवानों के हत्या के मुख्य अभियुक्त मोहम्मद ज़ाहिद उर्फ सोनू निवासी मंसूर गली पेढ़िमा बाज़ार, फुलवारी शरीफ पटना बिहार को मुठभेड़ में ढेर कर दिया।