गाजीपुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल से 29 अगस्त की भोर में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुधीर उर्फ ध्रुव पासी को कोतवाली पुलिस ने सोमवार की रात को गिरफ्तार कर लिया। चौकिया मोड़ ओवरब्रिज के नीचे पुलिस की घेराबंदी देख आरोपी बाइक से भागने लगा। तेज गति में बाइक मोड़ने के दौरान सड़क किनारे रखे डिवाइडर के पत्थर से टकराकर वह गिर गया। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया। पैर में चोट लगने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि नोनरा गांव निवासी सुधीर (31) न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार गाजीपुर में निरुद्ध था। 29 अगस्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए जाने के दौरान पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग गया था। इसके बाद कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एएसपी ने बताया कि सोमवार की रात को प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चौकिया मोड़ के आसपास है। इसके बाद उसे पकड़कर इलाज कराया गया। फिर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
तीन जिलों समेत गाजीपुर के कई थानों में दर्ज हैं प्राथमिकी
एएसपी सिटी डॉ.राकेश कुमार मिश्रा के अनुसार सुधीर उर्फ ध्रुव पासी के खिलाफ चोरी, लूट, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 38 प्राथमिकी दर्ज हैं। इनमें गाजीपुर के अलावा मऊ, आजमगढ़, सुल्तानपुर, प्रयागराज और सोनभद्र के थाने भी शामिल हैं।
अस्पताल से ऐसे हुआ था फरार
एक अगस्त को थाना गहमर की पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान सुधीर पासी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान दोनों पैरों में गोली लगी थी। इलाज के लिए अस्पताल में दो अगस्त को भर्ती कराया गया था। हालांकि उपचार होने के बाद चिकित्सकों की ओर से छुट्टी मिलने पर जिला कारागार भेज दिया गया था।
हिस्ट्रीशिटर सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी की जेल में रहने के दौरान 21 अगस्त को तबीयत बिगड़ी। जिसके बाद जेल में तैनात चिकित्सकों ने पैर में लगी गोली के उपचार के लिए ऑपरेशन की आवश्यकता बतायी गई। जिसके बाद तत्काल दोबारा जिला कारागार से मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज चल रहा था। वहां से 29 अगस्त की भोर में वह पुलिस को चकमा देकर शौचालय की खिड़की तोड़कर भाग गया था।
सड़क पर गिरे फरार हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करती पुलिस टीम -स्रोत-पुलिस विभाग