गाजीपुर। जनपद में सात लाख की लागत से हाईटेक लर्निंग सेंटर खोला जाएगा। इससे संबंधित ग्राम पंचायत सशक्त होगी। हाईटेक लर्निंग सेंटर पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों के लिए ज्ञान व कौशल का मंच बनेगा। जनपद के किसी एक ग्राम पंचायत में हाईटेक लर्निंग सेंटर की स्थापना होगी। इसको लेकर पंचायती राज विभाग की ओर से सर्वे का कार्य किया जा रहा है।
साथ ही ग्रामीणों को हाईटेक लर्निंग सेंटर से विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी मिल सकेगी। ग्रामीणों को यह पता चल पाएगा कि उनकी ग्राम पंचायत के लिए किन-किन योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। हाईटेक लर्निंग सेंटर में ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य व पंचायत सचिवों को आधुनिक प्रशासन, योजना प्रबंधन और डिजिटल डेटा हैंडलिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सेंटर के इंटीग्रेटेड लर्निंग लैब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें खेती-किसानी, डिजिटल प्रशासन, रोजगार व सामाजिक उद्यमिता से संबंधित ट्रेनिंग दी जाएगी।
हाईटेक लर्निंग सेंटर का उद्देश्य ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देना, प्रशिक्षण देने के साथ ही ग्राम पंचायत को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाना है। ग्राम पंचायत को आत्मनिर्भरता व नवाचार आधारित कार्य प्रणाली अपनाने की प्रेरणा दी जाएगी। किसानों को स्मार्ट खेती के तौर-तरीके सिखाए जाएंगे। युवाओं को स्वरोजगार व उद्यमिता की दिशा में मार्गदर्शन मिलेगा।