गाजीपुर। जनपद में विकास कार्यों की समीक्षा करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौकिया-अंधऊ बाईपास मार्ग निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है। करीब चार किमी सड़क का निर्माण 29 करोड़ से होगा। इससे यातायात सुगम और बेहतर होगा।
अंधऊ से निकलकर यह मार्ग वाराणसी-गोरखपुर मार्ग फोरलेन चौकियां को जोड़ता है। इस मार्ग के बन जाने से जमानिया, सैयदराजा, सकलडीहा, बक्सर और बलिया को जाने वाले भारी वाहनों के आवागमन से शहर को पूर्ण रूप से मुक्ति मिल जाएगी। ऐसे वाहन अंधऊ-चौकियां मार्ग होकर आवागमन करेंगे।
इससे शहर के भीड़भाड़ इलाकों में लगने वाले जाम से पूर्ण रूप से राहत मिल जाएगी। यहीं नहीं जाम से लोगों को राहत मिलेगी और मार्ग से जुड़े लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
इस मार्ग पर प्रतिदिन 600 से अधिक भारी वाहनों का आवागमन बना रहता है। यह मार्ग वर्तमान समय में काफी जर्जर और जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुका है। ऐसे में इस मार्ग पर चलना लोगों को दुश्वार हो चुका था। अब सीएम की स्वीकृति के बाद इस मार्ग के बन जाने से लोगों को काफी राहत मिल सकेगी। वहीं वाहन भी फर्राटा भर सकेंगे। जाम की समस्या लगभग समाप्त हो जाएगी।