डोडसर गांव में आग से जली रिहायशी झोपड़ी को देखकर बच्चों को पास में लेकर रोती-बिलखती पीड़िता। सं
मरदह। डोडसर गांव में शनिवार को एक झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग में करीब 20 हजार का सामान सामान जलकर नष्ट हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। गांव के प्रधान महेंद्र राम ने बताया कि मनोज राजभर की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग में घर के अंदर रखा गेहूं, चावल, धान, आटा, तख्ता, रजाई, गद्दे, कंबल, बच्चों के स्कूल बैग, कॉपी-किताबें, चटाई और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई।
घटना के समय मड़ई के पास केवल एक छोटी बच्ची और बुजुर्ग नाथू राजभर थे। आग लगते ही दोनों ने शोर मचाया और साहस दिखाते हुए घंटों तक बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद पहुंचे ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। क्षेत्रीय लेखपाल रीता यादव ने बताया कि क्षतिपूर्ति रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को सौंप दी जाएगी।