कासिमाबाद। होमगार्ड और कांस्टेबल के मिठाई एवं चाय विक्रेता वेद बिहारी पोखरा निवासी नीरज कुशवाहा को मारने- पीटने और शिखा उखाड़ने का प्रयास करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को कुशवाहा महासभा के महासचिव जयप्रकाश कुशवाहा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी ली।
जयप्रकाश कुशवाहा ने कहा कि नीरज दुकान से परिवार का भरण पोषण करते हैं। कासिमाबाद कोतवाली के पुलिस कर्मी और होमगार्ड के सिगरेट मांगने मना करने पर पुलिस कर्मियों ने कासिमाबाद कोतवाली परिसर में दुकानदार को मारपीटा और उनकी शिखा उखाड़ने की कोशिश की। यह काफी निंदनीय है। कहा कि पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की जाए, नहीं तो कुशवाहा समाज के लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने अमानवीय घटना की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में खुले आम मानवाधिकार का हनन, मारपीट और अपराध बढ़ता ही जा रहा है। अपराध रोकने की जिम्मेदारी जिस पुलिस पर है, अगर मारपीट करें तो सर्व समाज को न्याय संभव नहीं है। पुलिस के इन कृत्यों से आम जनता का विश्वास पुलिस के ऊपर से उठता जा रहा है। संवाद