सेवराई। स्थानीय तहसील क्षेत्र के उसिया गांव में पराली जलाने के दौरान बगल के खेत में आग पकड़ लेने से करीब एक बीघा खड़ी धान फसल जलकर राख हो गई।
गहमर थाना क्षेत्र के गोड़सरा गांव निवासी अशरफ खान का उसिया मौजा क्षेत्र में खेत है। पीड़ित का आरोप है कि बगल के किसान द्वारा धान की कटाई के बाद फसल अवशेष में आग लगा दी गई। आग लपटों ने बगल की खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे खेत को जला दिया। पीड़ित ने इसकी सूचना उपजिलाधिकारी को देते हुए न्याय की गुहार लगाई है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उपजिलाधिकारी रमेश मौर्य ने संबंधित लेखपाल को मौका मुआयना कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इधर, सरकार द्वारा पराली जलाने को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जा रहे हैं। पिछले दिनों एसडीएम सेवराई रमेश मौर्य द्वारा पराली जलाए जाने पर करीब आधा दर्जन किसानों के ऊपर मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। बावजूद किसानों द्वारा लगातार पराली जलाए जाने की सूचना मिल रही है। एसडीएम सेवराई रमेश मौर्य ने बताया कि पराली जलाने के दौरान खड़ी फसल जलने की शिकायत मिली है। संबंधित लेखपाल को मौका मुआयना कर आख्या देने के लिए निर्देशित किया गया है। पीड़ित को उचित संभावित सहायता मुहैया कराना सुनिश्चित कराया जाएगा एवं दोषी किसानों पर कार्रवाई की जाएगी।