गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की शाम मोबाइल नंबर न देने पर युवक ने कक्षा नौ की छात्रा को जमकर पीटा। इसकी शिकायत लेकर वह आरोपी के घर पहुंची तो वहां भी उस पर हमला किया गया। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शुक्रवार को पीड़ित छात्रा को उपचार के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
करंडा क्षेत्र मेें रहने वाली 16 वर्षीया किशोरी कक्षा नौ की छात्रा है। गुरुवार देर शाम वह शौच के बाद घर लौट रही थी। तभी गांव के एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया। वह छात्रा से उसका मोबाइल नंबर मांगने लगा। छात्रा ने इंकार किया तो युवक ने उसे लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। वहां से किसी तरह जान बचाकर छात्रा अपने घर पहुंची और मां को आपबीती सुनाई। इस पर मां अपनी पुत्री को लेकर आरोपी के घर पहुंची तो वहां फिर अभद्रता की गई। आरोप है कि इस बार युवक ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर छात्रा को बेरहमी से पीटा। शोर-शराबा सुनकर मौके पर जुटे गांव वालों ने किसी तरह छात्रा को बचाया। इसके बाद मां-बेटी रात में ही थाने पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष करंडा पंकज मिश्रा ने बताया कि छात्रा की मां ने तहरीर दी है। आरोपी चंदन सिंह, उसके भाई कंचन सिंह तथापिता राधेश्याम के खिलाफ रात में ही कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उन्होंने कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक आरोपियों को पुलिस नहीं पकड़ सकी थी।