गाजीपुर। डीआरडीए विभाग जल्द अपने नए भवन में स्थानांतरित हो जाएगा। इसके लिए विभागीय अभिलेखों को नए कार्यालय में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके आदेश डीएम की तरफ से दिए गए हैं।
विकास भवन परिसर में तीन वर्ष पहले ग्राम्य विकास विभाग की ओर से संचालित होने वाले डीआरडीए के लिए अलग भवन का निर्माण शुरू किया गया। इसके निर्माण का जिम्मा कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश श्रम एवं निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को सौंपा गया था। इस भवन में भूतल पर अधिकारियों एवं कर्मचारियोें के बैठने के लिए कमरे बने हैं। प्रथम तल पर एक सभाकक्ष और शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही अधिकारियों के बैठने के लिए भी कई कमरे हैं। जिसमें सीडीओ एवं परियोजना निदेशक के भी कक्ष शामिल हैं। अब फिर डीआरडीए के नए भवन में जाने की चर्चा शुरू हो गई है। परियोजना निदेशक आरएन सिंह ने बताया कि डीआरडीए डीएम के निर्देश पर नए भवन में स्थानांतरित हो जाएगा। इसके लिए भूतल पर फर्श टूटने की शिकायत कार्यदायी संस्था से की गई है। फर्श का निर्माण होने के बाद 17 जुलाई को डीआरडीए के कर्मचारी नए भवन में कामकाज शुरू कर देंगे।