दुल्लहपुर (संवाददाता)। थानाक्षेत्र के रेलवे फाटक के पास बीते बुधवार की रात ड्यूटीरत पुलिसकर्मी सोते रहे और चोर दो दुकानों को खंगाल कर नकदी समेत हजारों के सामान चुरा ले गए। पीड़ितों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
विज्ञापन
रेलवे फाटक के पास लालसा राजभर की जनरल स्टोर की दुकान है। रोज की तरह बीते बुधवार की रात दुकान बंद करके वह घर चले गए। रात में चोरों ने उनकी दुकान को निशाना बनाया। जबकि लोगों का कहना है कि दुकान से कुछ ही दूरी पर दो पुलिसकर्मी ड्यूटी बजा रहे थे और चोर अपना काम कर गए। दुकान में दाखिल होने के बाद चोर गल्ले से 20 हजार रुपए नकदी तथा नमकीन, बिस्कुट, टाफी सहित हजारों रुपए मूल्य के सामान चुरा ले गए लेकिन पास में मौजूद पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी। इसी प्रकार रेलवे स्टेशन फाटक के पास ही शंकर गुप्ता की दुकान का टीनशेड उठाकर चोर दुकान के अंदर दाखिल हुए। चोर पांच सौ रुपए के सिक्के सहित कई पैकेट कीमती सुर्ती चुरा ले गए।