गाजीपुर। अभी तक तो अपने रिमोट कंट्रोल से दोपहिया और चारपहिया वाहनों को स्टार्ट होते देखा होगा। लेकिन अब इलेक्ट्रानिक आटो मोबाइल सिक्योरिटी सिस्टम के जरिए मोबाइल से दो पहिया और चारपहिया वाहन चालू और बंद होंगे। इसकी खासियत है कि जहां तक मोबाइल का नेटवर्क है, वहां तक यह सिस्टम काम करेगा। माइक्रो कंट्रोलर किट में फीड किए गए पासवर्ड की जानकारी वाहन स्वामी को होगी। किसी तरह से चोर यदि वाहन को ले भी गए तो संबंधित मोबाइल के जरिए वाहन की लोकेशन आसानी से पता चल जाएगी। यही नहीं किट को लगवाने का खर्चा भी मामूली सा 15 सौ से 2 हजार तक का है।
जमानिया क्षेत्र स्थित पियरी गांव निवासी एमटेक सीडैक पास दिलीप रोशन ने यह किट तैयार किया गया है। उनका दावा है िक एंबेडेड टेक्नोलॉजी पर आधारित है। किट में मौजूद पार्टस को वाहन में अलग-अलग जगहों पर फिट किया जाता है। इसके बाद वाहन स्वामी को वाहन चालू और बंद करने के लिए पासवर्ड दिया जाता है। इस पासवर्ड के जरिए वाहन स्वामी अपने वाहन को चालू और बंद करेगा। ऐसे में कोई भी वाहन चोर वाहन को चुरा नहीं पाएगा क्योंकि किट लगने पर वाहन स्टार्ट ही नहीं होगा। दिलीप रोशन का कहना है कि रिमोर्ट की क्षमता कम होती है और मोबाइल का नेटवर्क हर क्षेत्र मेें काम करता है। ऐसे में यह किट चोरों की राह मुश्किल करेगा। वाहन कंपनियों से इस किट के बारे में मशविरा चल रहा है।