दिलदारनगर। चरमराई बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर राजनीति दलों की ओर से विरोध क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा है। विद्युत दुर्व्यवस्था के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को दिलदारनगर रामलीला मैदान से जुलूस निकाला। विभिन्न मार्गों से होते हुए विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर जुलूस धरने के रूप में तब्दील हो गई। इस मौके पर काशी क्षेत्र के मंत्री विजेंद्र राय ने कहा कि सपा सरकार को प्रदेश की जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रह गया है। सावन और रमजान भी बेतहाशा बिजली कटौती की जा रही है। लोगों को न तो दिन में चैन है और न ही रात में।
उन्होंने कहा कि दिलदारनगर क्षेत्र को एक माह से रात में बिजली नहीं मिल रही है। जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी राय ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में 16 से 18 घंटा बिजली मिल रही थी, लेकिन चुनाव के बाद स्थिति बद से बदतर हो गई। विभागीय अधिकारी चैन की नींद सो रहे हैं। धरना की जानकारी पर एसडीएम जमानिया विद्याशंकर सिंह. जमानिया एसडीओ आरके गुप्ता, जेई रामबहादुर और थानाध्यक्ष टीबी सिंह मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया, जिस पर धरना समाप्त कर दिया गया।
लेकिन भाजपाइयों ने चेतावनी दी है कि यदि 30 जुलाई तक दो शिफ्टों में विद्युत आपूर्ति नहीं की गई तो फिर से आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर बालकृष्ण त्रिवेदी, रमाकांत सिंह, मनोज बाबा, परीक्षित सिंह, सोनू आदि ने विचार रखे। अध्यक्षता रमाशंकर जायसवाल तथा संचालन दिनेश प्रधान ने किया।