दिलदारनगर। बक्सर से मुगलसराय जा रही ईएमयू पैसेंजर को बुधवार की सुबह कुचमन रेलवे स्टेशन के लूपलाइन में खड़ी करने से नाराज यात्रियाें ने हंगामा किया। इसी बीच ट्रेन में सवार दो पुलिसकर्मियों ने वहां के स्टेशन अधीक्षक से हाथापाई शुरू कर दी। इसको लेकर रेलकर्मियों में हड़कंप मच गया।
बक्सर से मुगलसराय जा रही ईएमयू पैसेंजर ट्रेन को बुधवार की सुबह करीब छह बजे कुचमन रेलवे स्टेशन के लूप लाइन में खड़ा कर दिया गया। काफी देर तक ट्रेन के खड़ी रहने से स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में जाकर यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी ट्रेन से मुगलसराय जा रहे यूपी के दो सिपाहियों ने वर्दी का धौंस दिखाते हुए स्टेशन अधीक्षक प्रशांत कुमार से हाथापाई शुरू कर दी। मामला गरमाया तो दोनाें पुलिस कर्मी वहां से भाग निकले। सूचना कंट्रोल रूम को देने के बजाए ट्रेनाें का संचालन ठप कर दिया गया। इसके चलते अमृतसर एक्सप्रेस, उद्यान आभा, तूफान एक्सप्रेस, दिलदारनगर ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेनें जहां-तहां खड़ी रहीं। आरोपियों पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर ट्रेनों का संचालन बहाल हुआ। स्टेशन अधीक्षक ने उनके खिलाफ जीआरपी मुगलसराय, आरपीएफ दिलदारनगर को तहरीर दी है। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक आरए प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।