सैदपुर। पुलिस की मिलीभगत से जिले में पशुतस्करी का धंधा तेजी से फल-फूल रहा है। जिले के विभिन्न रास्तों से दर्जनों गाडि़यों से रोज बेजुबानों को वध के लिए ले जाया जा रहा है। सैदपुर, खानपुर क्षेत्र भी पशु तस्करों का मुफीद अड्डा बन गया है। खानपुर थाना क्षेत्र के शादी-भादी गांव के सामने अड़ी बनाकर ट्रकों से पशुओं को उतार कर गंगा नदी पार कराकर चंदौली जिले में ले जाया जा रहा है।
पशु तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए अब अपना ट्रेंड बदल दिया है। पहले तस्कर ट्रक और पिकअप जीप के माध्यम से पशुओं को ले जाते थे। अब तस्कर बचने के लिए कंटेनरों का प्रयोग कर रहे हैं। बड़े और लम्बे दो मंजिले कंटेनर के ऊपरी हिस्से को दो जगहों पर थोड़ा सा काटकर पशुओं के हवा आने-जाने की जगह बनाकर चार से छह दर्जन बड़े जानवरों को ले जाया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो पशु लदी गाडि़यों के आगे-पीछे तस्करों के लग्जरी वाहन भी चलते हैं, जो संबंधित थानों और कोतवाली पर बंधी-बधाई रकम देते हैं।