गाजीपुर। प्रदेश की अखिलेश सरकार ने समाजवादी पेंशन योजना का लक्ष्य करीब 10 हजार कम कर दिया है। जबकि पहले 87 हजार लाभार्थियों को पेंशन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। शासन के इस फैसले से गरीबों में आक्रोश देखा जा रहा है। शासन ने जिलाधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया है कि 20 जून तक हरहाल में पेंशन का फार्म जमा करा लिया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रदेश सरकार के इस फैसले को गाजीपुर संसदीय सीट में मिली सपा को हार से जोड़ कर देखा जा रहा है।
अखिलेश सरकार ने समाजवादी पेंशन योजना की शुरूआत फरवरी में की थी। इसके लिए गाजीपुर जनपद में 87 हजार लोगों को पेंशन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके लिए तत्काल लाभार्थियों को फार्म उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया गया था। अभी लाभार्थियों के हाथों में फार्म पहुंचे ही थे कि तभी मार्च में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू कर दी गई जिससे योजना को ब्रेक लग गया। चुनाव संपन्न होने के बाद प्रदेश के मुख्य सचिव जावेद उस्मानी ने अधिकारियों की बैठक बुलाकर समाजवादी पेंशन योजना की शुरूआत धमाकेदार ढंग से करने का निर्देश दिया। इसमें गाजीपुर का लक्ष्य 77249 रखा गया है। सूत्रों की मानें तो फरवरी माह में जिले का लक्ष्य 87 हजार के आसपास था। इस फैसले को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ ही विभागीय अधिकारियों में भी तरह-तरह की चर्चा है। लोगों का कहना है कि गाजीपुर जनपद काफी पिछड़ा माना जाता है। इसलिए यहां का लक्ष्य घटाना गरीब जनता के हित में नहीं होगा। इस संबंध में कोई भी अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं था।