सुहवल। थाना क्षेत्र के मेदिनीपुर तिराहे पर शनिवार की दोपहर वाहन चेकिंग के दौरान फ्लाइंग स्क्वायड ने एक सफारी गाड़ी से 20 पेटी देसी शराब बरामद की। इस मामले में पुलिस ने गाड़ी सहित चालक को हिरासत में ले लिया है और पकड़ी गई शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पकड़ी गई शराब को चुनाव में इस्तेमाल से जोड़कर देखा जा रहा है।
फ्लाइंग स्क्वायड के अधिकारी सकलदेव राम को सूचना मिली थी कि किसी गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध देसी शराब ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वह हरकत में आ गए और टीम के सदस्य और एसएसआई दुर्गेश यादव मेदिनीपुर तिराहे पर पहुंचे और वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान गाजीपुर की तरफ से एक सफारी गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस कर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी का रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। उसे भागता देख पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ दूर जाने के बाद गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। तलाशी लेने पर गाड़ी में रखी 20 पेटी देसी शराब मिली। पूछताछ में चालक ने अपना नाम बहुअरा निवासी सोनू राम बताया। पुलिस चालक सहित गाड़ी को थाने लाई। इस संबंध में फ्लाइंग स्क्वायड अधिकारी सकलदेव राम ने बताया कि पकड़ी गई शराब जिले से बाहर बिकने के लिए ले जाई जा रही थी।