गाजीपुर। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग महासंघ की ओर से मंगलवार को सरजू पांडेय पार्क में आरक्षण समर्थक सम्मेलन एवं सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य वक्ता आजमगढ़ के सांसद रमाकांत यादव ने कहा कि अब वह समय आ गया है जब लोग अपने हित के बारे में पूरी तरह से सचेत हो सकते हैं। आने वाले चुनावों में पिछड़े वर्ग एवं अनुसूचित जाति के मतदाता आरक्षण से गद्दारी करने वाले तथा आरक्षण विरोधियों को अपने दलों में प्रश्रय देने वाले नेताओं को राजनैतिक चोट दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उन्हीं प्रत्याशियों का समर्थन करना चाहिए जो आरक्षण समर्थकों का खुला साथ दें। उद्घाटन भाषण में पूर्व विधायक रामनारायण कुशवाहा ने कहा किजिस वर्ग की जितनी जनसंख्या है उसकी उतनी हिस्सेदारी होनी चाहिए। मांगों को दोहराते हुए वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन तथा अन्य प्रांतों के आयोगों की तरह त्रिस्तरीय आरक्षण व्यवस्था लागू होना चाहिए। सभा के बाद राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय एक ज्ञापन भी जिला प्रशासन को सौंपा गया। इस मौके पर पूर्व सांसद विश्वनाथ शास्त्री, सुरेंद्र राम, दिनेश यादव, श्याम नारायण, महेंद्र प्रताप राणा, रामदेव यादव, योगेश कुमार, आनंद राजभर, एकबाल अंसारी, रामनरेश यादव, कांत किशोर कौशल, पीएन दास, बसंत भारती, विक्रम बौद्ध, इश्वरदेव, राकेश आदि ने विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता रामनरेश यादव ने की।