गाजीपुर। जिले के उन गरीबों के लिए खुशखबरी है जो लोहिया आवास पाने का इंतजार कर रहे हैं। शासन ने महंगाई को देखते हुए लोहिया आवासों के निर्माण की लागत बढ़ा दी है। कहा है कि अब एक आवास पर एक लाख 60 हजार रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा।
बता दें प्रदेश सरकार ने इंदिरा आवास योजना की तर्ज पर सूबे के गरीबों के लिए लोहिया ग्रामीण आवास योजना की शुरूआत बीते वर्ष की थी। शासन ने कहा था कि लोहिया ग्रामीण आवास योजना में आवास निर्माण पर एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस योजना के तहत जिले में करीब 1209 से अधिक आवासों के निर्माण के लिए लाभार्थियों का चयन किया गया। लाभार्थियों को योजना का लाभ देने के लिए पहली किस्त भेजी गई। इसके बाद दूसरी भी किस्त भेजी गई। वर्ष 2013-14 के लिए भी करीब 780 आवासों का चयन किया गया। इसकी पहली तीन माह पहले भेजी गई थी। धनराशि भेजने के बाद सीडीओ ने निर्देश दिया था कि ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में लोहिया आवासों का निर्माण लाभार्थी कराएंगे।
इधर बीच महंगाई बढ़ने पर शासन ने पिछले दिनों बैठक करके लोहिया आवास की धनराशि बढ़ाकर एक लाख 60 हजार कर दी है। शासन ने सभी मुख्य विकास अधिकारी और संयुक्त विकास आयुक्तों केा को पत्र लिखकर तत्काल दूसरी किश्त जारी करने से पहले बढ़ी दर की धनराशि समायोजित करने का निर्देश जारी किया। कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
शासन के निर्देश पर लोहिया आवासों के निर्माण की कीमत एक लाख 60 हजार रुपये कर दिया है। इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब लाभार्थी अंशदान 25 हजार कर दिया गया है। - संतोष कुमार, परियोजना निदेशक