दिलदारनगर। सुहवल थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की रात दो युवकों द्वारा एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। किशोरी की तहरीर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी काे मेडिकल कराने के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा है। हालांकि पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
किशोरी ने सोमवार को तहरीर देकर बताया कि शनिवार की रात वह बाहर जा रही थी। तभी रास्ते में घात लगाकर बैठे दो युवकों ने उसे जबरदस्ती उठा लिया और खंडहर में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों भाग निकले। किसी तरह वह घर आई और परिवारीजनों को वाकये की जानकारी दी। थानाध्यक्ष सुहवल प्रवीण कुमार यादव का कहना था कि घटना के बाद परिवारीजन अगले दिन न तो थाने आए और न ही पुलिस को कोई सूचना ही दी।
ऐेसे में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिर भी किशोरी की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं आरोपियों का कहना था कि उन्हें फंसाया जा रहा है।