शादियाबाद (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के गुरैना गांव में गुरुवार को अपने चार माह के बच्चे का कत्ल कर फरार पिता शुक्रवार की सुबह खुद थाने पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी को चालान कर जेल भेज दिया और मासूम के शव को पोस्टमार्टम कराया। इस मामले में पत्नी ही अपने पति के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
क्षेत्र के गुरैना निवासी राजमिस्त्री विजय राम की आए दिन किसी न किसी बात को लेकर पत्नी लक्ष्मी से विवाद होता था। लक्ष्मी बीते दिनों मायके गई थी और गुरुवार की सुबह लौटी थी। शाम को करीब तीन बजे उसका पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी दौरान गुस्साए पति विजय ने अपने चार मार के मासूम बच्चे का पैर पकड़ कर पटक दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पत्नी ने पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच शुक्रवार की भोर में करीब चार बजे बेटे का कातिल पिता खुद थाना पहुंच गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि आरोपी विजय का संबंधित धाराओं में चालान कर जेल और मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दुखों के भंवर में फंसी लक्ष्मी की जिंदगी
शादियाबाद। ईश्वर भी कभी-कभी किसी को ऐसा जख्म दे, देता है, जिसका ताउम्र भर पाना शायद संभव नहीं है। कुछ ऐसा ही हो रहा है लक्ष्मी के साथ। पति ने उससे विवाद बेटे को मौत के घाट उतार दिया। कातिल पिता तो जेल चला गया, लेकिन लक्ष्मी की जिंदगी दुखों के ऐसे भंवर में फंस गई, जिससे ताउम्र बाहर निकलना शायद संभव नहीं है। वह बार-बार बिलखते हुए यह कर रही थी कि पहले तो पति ने गुस्से में आकर उसके कलेजे को टुकड़े को उससे हमेशा-हमेशा के लिए छीन लिया और बाद में उसके कत्ल के जुर्म में जेल जाकर मुझे दुखों का ऐसा जख्म दे गया, जिसे मैं जीते-जी नहीं भूल पाऊंगी। उसकी यह व्यथा सुन वहां मौजूद लोगों की आंखें भी सजल हो जा रही थीं।
विदेश के नाम पर पैसा खर्च कर मुंबई से लौटा था विजय
शादियाबाद। बेटे के कातिल बाप विजय राम के साले रमेश ने बताया की बहन लक्ष्मी की शादी मार्च 2016 में धूमधाम से की गई थी। शादी के बाद से ही विजय पैसे की मांग करता था और लक्ष्मी को आए दिन मारता-पीटता था। इससे तंग आकर हम भाइयों ने उसे सऊदी अरब जाने के लिए 60 हजार दिया था। पैसा लेकर विजय मुंबई चला गया और सब खर्च करके वापस घर आ गया। इसके बाद भी पैसे की मांग को लेकर उससे आए दिन मारपीट करता था। गुरुवार को भी पत्नी से विवाद के दौरान गुस्से में आकर अपने बेटे की जान ले ली।