गाजीपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की जानकारी लेने रोल आब्जर्वर दूसरी बार जनपद में पहुंचे। इस दौरान दावे और आपत्तियों के निस्तारण की तिथि के संबंध में जनपद के सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थित में जिला पंचायत के सभागार में मंगलवार को बैठक हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर आयुक्त वाराणसी मंडल अनिल कुमार उपाध्याय ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से पहली जनवरी 2019 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में नियत कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियों के निस्तारण से अंतिम प्रकाशन तक की गतिविधियों की तिथियों में परिवर्तन किया गया है। इसमें दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अवधि 10 दिसंबर से बढ़ाकर 22 दिसंबर करते हुए नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी के स्थान पर अब 31 जनवरी को किए जाने का आदेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि तक प्राप्त सभी फार्म (फार्म-6, 6ए, 7, 8 एवं 8ए) को विलंबतम 10 दिसंबर तक ईआरओ नेट पर अपलोडिंग किया जाना है। बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को रखा, जिसके निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अवस्थी, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं राजनैतिक दलों से भाजपा जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. मारकंडेय सिंह, कांग्रेस के रविकांत राय, सपा के निजामुद्दीन खान, कमलेश गौतम, सुभाषराम सिपाही, अजय कुमार गौतम आदि उपस्थित थे।