सादात(गाजीपुर)। क्षेत्र के कटया गांव में बुधवार को पंडित दीनदयाल पशु आरोग्य शिविर-मेला का आयोजन किया गया। इस मेला में कुल 693 पशुओं का पंजीकरण किया गया। स्वास्थ्य केंद्र सादात के पशु चिकित्सधिकारी डॉ. जनार्दन मौर्य ने उपस्थित पशुपालकों को शीतकाल में संरक्षण एवं उनके बचाव के बारे में विधिवत जानकारी दी। कहा कि पशु कुछ बोलते नहीं हैं लेकिन उनके हावभाव से हम सभी उनकी परेशानी और तकलीफ को जान जाते हैं।
उन्होंने पशुपालकों को सलाह दिया कि वह अपने पशुओं की देखभाल अपने परिवार की तरह करें। बताया कि 356 बड़े और 337 छोटे पशुओं का इलाज कर दवा दी गई। कहा कि पशुओं के बीमार होने पर उनका इलाज झोलाछाप डाक्टरों से न कराकर पशु चिकित्सा केंद्र पर ले जाकर कराएं। सरकार द्वारा संचालित पशु संरक्षण कार्यक्रम पर भी जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में चिकित्साधिकारी डा. आर एस गुप्ता ने पशुओं में बढ़ते कृमि के प्रभाव पर उसके बचाव की जानकारी दी। इस मौके पर डॉ. इंदू मिश्रा, रमेश यादव, राजेशपति, संजीव राय, राजेश राय, नारायण, हृदय नारायण आदि पशुपालक उपस्थित थे।