करंडा(गाजीपुर)। भाकपा करंडा ब्लाक कमेटी की ओर से धामूपुर-धरवा चट्टी पर जनसभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान सरकार के एजेंडे में किसान, मजदूर, गरीब, युवा, महिला, छात्रों का सवाल है ही नहीं। यही कारण है कि सबका साथ, सबका विकास का नारा देने के बाद सिर्फ और सिर्फ कारपोरेट घरानों का ही दिन दूना रात चौगुना उत्थान हो रहा है। देश की तरक्की तब तक नहीं हो सकती जब तक समाज के प्रत्येक समुदाय का समन्वित विकास नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि हमें तो शोषणविहीन, समतामूलक, किसान, मजदूर, शोषित, पी ड़ित, मेहनतकश का राज चाहिए। जनता का आह्वान किया कि आने वाले चुनाव में जन हितैषी आर्थिक नीति, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी भावना वाली सरकार बनाने की तैयारी करें। हर हाल में देश की जनता की एकता को छिन्न-भिन्न करने वाले विचार एवं सामाजिक न्याय पर गहरी चोट करने वालों को परास्त करें। सभा में पार्टी के जिला सचिव अमेरिका सिंह यादव, कार्यकारिणी सदस्य बच्चेलाल, डॉ. शिवमूरत बिंद, खेमयू जिला मंत्री राम शुक्ला, सूर्यनाथ बिंद, मुन्नीलाल, अवधेश, सुरेश विश्वकर्मा ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता वरिष्ठ नेता बाबूराम प्रधान एवं संचालन लल्लन प्रसाद बिंद ने किया।