गाजीपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुनरीक्षण अभियान शुरू होने के बाद से 18000 से ज्यादा लोगों ने फार्म-6 भरकर सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया है। इसमें सात हजार से अधिक 18-19 वर्ष के युवा हैं। नाम दर्ज कराने को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह जखनियां में, तो गाजीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं में सबसे कम दिखाई दिया।
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर जहां राजनीतिक दलों में हलचल दिखाई देने लगी है वहीं निर्वाचन आयोग की सक्रियता बढ़ गई है। आयोग की ओर से अर्हता तिथि पहली जनवरी 2019 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का अभियान चलाया जा रहा है। पहली सितंबर से शुरू इस अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह दिखाई दिया। 12 अक्तूबर तक 18798 लोगों ने फार्म-6 भरकर सूची में नाम दर्ज कराने को लेकर आवेदन किया। नाम दर्ज कराने को लेकर जखनियां विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं में ज्यादा तो गाजीपुर के मतदाताओं में कम उत्साह दिखाई दिया। मिली जानकारी के अनुसार जखनियां में 4031, सैदपुर 2695, गाजीपुर 2143, जंगीपुर 2302, जहूराबाद 2279, मुहम्मदाबाद 2787 तथा जमानिया में 2561 ने फार्म-6 भरकर सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया है। इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 12 अक्तूबर तक 10765 फार्म-7 एवं 1166 कुल प्राप्त फार्म-आठ है।