गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय और स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर कॉलेजों के आस-पास शुक्रवार को सुबह से लेकर शाम तक गहमा-गहमी रही। कॉलेजों के पास प्रत्याशियों के समर्थक हो-हल्ला और ढोल-नगाड़े के साथ समूह में दौड़ लगाते रहे। साथ ही अपने प्रत्याशी के समर्थन में नारा बुलंद करते रहे। इससे अराजकता की स्थिति बनी रही।
सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस प्रशासन द्वारा पीजी कॉलेज चौराहा और स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विकास भवन चौराहा और कालेज के मुख्य गेट के बाहर बैरिकेडिंग की गई थी। सभी पदों के प्रत्याशी बैरिकेडिंग के अंदर, जबकि समर्थक बैरिकेडिंग से काफी दूरी पर रहे। कॉलेज में सिर्फ मतदाताओं को प्रवेश की अनुमति थी। कॉलेज के बाहर सैकड़ों की संख्या में प्रत्याशियों के समर्थक मौजूद रहे और अपने प्रत्याशी के समर्थन में नारा बुलंद करते रहे। कभी-कभी दो प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने हो जा रहे थे। इससे किसी विवाद की आशंका बन जा रही थी। दौड़ लगाने के दौरान कई लोगों से टक्कर भी हो जा रही थी। समर्थक छात्रों की इस अराजकता से जब पुलिस को ऐसी आशंका हुई कि कोई हंगामा हो सकता है तो पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने समर्थकों को चौराहा से खदेड़ना शुरू किया। उन्हें बैरिकेडिंग से बाहर करते हुए यह दिया कि वह कॉलेज की तरफ न आए। बावजूद इसके जोश से लबरेज समर्थक अपने प्रत्याशी के समर्थन में नारेबाजी के बीच पंपलेट उड़ाते हुए शोर-शराबा के बीच दौड़ लगाते रहे।
गाजीपुर। पीजी कॉलेज और स्वामी सहजानंद स्नातकात्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ का चुनाव होने की वजह से कालेज मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित किया गया था। इस वजह से अन्य मार्गों पर आवागमन का दबाव बढ़ने के कारण कई बार लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। छात्रसंघ चुनाव के लिए स्वामी सहजानंद महाविद्यालय जाने वाले मार्ग पर जिलाधिकारी आवास और विकास भवन चौराहा पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर खास कर चार पहिया वाहनों का आवागमन रोक रखा था। मार्ग पर जिन लोगों के घर था या मार्ग पर पड़ने वाले सरकारी दफ्तरों में जिन लोगों को जाना था, उन्हें आवागमन की इजाजत थी। कुछ इसी तरह की व्यवस्था पीजी कॉलेज पर भी कई थी। चुनाव की मार्गों पर आवागमन होने से खुजरिया, सिंचाई विभाग, तुलसीसागर सहित अन्य कई मार्गों पर सुबह से लेकर शाम तक कई बार लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
सहमे रहे कॉलेजों के आसपास के लोग
गाजीपुर। छात्रसंघ चुनाव के दौरान स्नातकोत्तर महाविद्यालय और स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के आसपास के दुकान और मकानों में रहने वाले लोग छात्रों द्वारा किसी प्रकार का हंगामा किए जाने की आशंका से पूरी तरह से सहमें रहे। बीते चार अक्तूबर को चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद छात्रों के दो गुटों की जमकर मारपीट हुई थी। छात्रसंघ चुनाव को लेकर स्नातकोत्तर महाविद्यालय और स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालयप पुलिस छावनी में तब्दील रही। कॉलेजों के आसपास बैरिकेडिंग के साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के बीच भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात थी। जैसे ही मतदान के लिए अंदर प्रवेश करते समय पुलिस और कालेज के शिक्षक मतदाताओं की तलाशी ले रहे थे। इसके बाद उन्हें अंदर जाने दे रहे थे। पुलिस अधिकारी लगातार चक्रमण कर दोनों कॉलेजों के सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।