गाजीपुर। उत्तर प्रदेश आशा बहू / आशा संगिनी वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले आशा बहुओं ने अपनी 13 सूत्री मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर जिला महिला अस्पताल परिसर में सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि मांगें पूरी होने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
कहा कि एक जुलाई 2017 को मुख्य चिकित्साधिकारी को मांग पत्र सौंपा गया था। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया था कि एक माह में निर्णय लेकर मांग पूरा कर दिया जाएगा। बावजूद आज तक मांगें पूरी नहीं की गई। इससे मजबूर होकर आशा बहुओं को कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। कार्यवाहक अध्यक्ष लालसा गुप्ता और राधिका गुप्ता ने कहा कि मुख्य चिकित्साधिकारी हमारी मांगों की अनदेखी कतर रहे हैं। इसे हम लोग किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमारी सभी मांगें जायज है। बावजूद इसके उसे पूरा नहीं किया जा रहा है। आशाओं का आह्वान किया कि वह मांगों को पूरा कराने की लड़ाई को मजबूती से लड़े। चेतावनी दिया कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जाती है, हम आंदोलन जारी रखेंगे। जरूरत पड़ी तो लड़ाई को और तेज करने का काम करेंगे। संरक्षक रामजनम प्रजापति ने आशाओं से अपील किया कि वह अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाते हुए अपनी ताकत का एहसास कराए। इस अवसर पर नगीना, संगीता, रीता, उर्मिला देवी, चंद्रप्रभा, पुष्पा, आराधना, कालिंदी, सीमा यादव, पुष्पा देवी, छाया देवी, इंदूमती, दुलारी, मनीता, विजयलक्ष्मी, दुर्गावती, हौशिला, उर्मिला आदि मौजूद थी।