दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में रविवार को दोपहर बाद लाइन पार करते समय एक किसान ट्रेन की जद में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इलाके के सुल्तानपुर गांव निवासी सूर्यभान यादव (45) किसी कार्य से रेलवे लाइन की तरफ जा रहा था। दिन में करीब तीन बजे रेलवे लाइन पार करते समय वाराणसी से गोरखपुर जा रही काशी एक्सप्रेस ट्रेन की जद में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीण की भीड़ लग गई। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शव पर नजर पड़ते ही चीख-पुकार करने लगे। ट्रेन के चालक ने दुर्घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने थाना पुलिस को घटना से अवगत कराया। जानकारी होते ही थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार के लोगों जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मालूम हो कि मृतक सूर्यभान यादव खेतीबारी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी सिर्फ एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। इस घटना से जहां मृतक के घर कोहराम मच गया, वहीं गांववासियों में शोक की लहर दौड़ गई।