गाजीपुर। जिले की सहकारी समितियों के निर्वाचन अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 222 निर्वाचन अधिकारियों के सापेक्ष 211 ने प्रतिभाग किया। शेष 11 निर्वाचन अधिकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सहायक विकास अधिकारी सहकारिता जितेंद्रपति त्रिपाठी, अपर जिला सहकारी अधिकारी अमीय कुमार शशि एवं अपर जिला सहकारी अधिकारी परमेश्वर झा ने सभी निर्वाचन अधिकारियों को सहकारी निर्वाचन के संबंध में प्रशिक्षण दिया। अध्यक्षता कर रहे सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता डा. पीके सिंह ने निर्वाचन अधिकारियों की निर्वाचन के संबंध में सामान्य समस्याओं का निराकरण किया। जिले में 15 जनवरी से 222 प्रारंभिक सहकारी समितियों का सामान्य निर्वाचन होना होगा।