देवकली। सादात ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय सादात के परिसर में शनिवार को न्याय पंचायत स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चो ने प्रतिभाग किया। प्राथमिक स्तर पर स्नेहा और छोटी राजभर ने दोहरी सफलता हासिल की। जबकि बालक वर्ग में यह उपलब्धि शुभम को मिली। जूनियर स्तर पर बालिका वर्ग में आरती और बालक वर्ग में तौफीक तथा बालगोविंद ने यह उपलब्धि प्राप्त की। प्राथमिक स्तर पर 50 मीटर दौड़ में सवास की स्नेहा को प्रथम और सादात की छोटी राजभर को द्वितीय स्थान मिला। जबकि बालक वर्ग में डोरा के बादल को प्रथम और सादात के शुभम दूसरे स्थान पर रहे। सौ मीटर दौड़ में छोटी राजभर को प्रथम तथा बूढ़नपुर की शिवांगी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। बालक वर्ग में सुमित को प्रथम एवं डोरा के प्रियांशु द्वितीय स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में स्नेहा प्रथम और गौरी द्वितीय रही। बालक वर्ग मे बबलू प्रथम तथा शुभम दूसरे स्थान पर रहे, जबकि 400 मीटर दौड़ में पवन शर्मा ने बाजी मारी। उच्च प्राथमिक स्तर दौड़ प्रतियोगिता में सौ मीटर दौड़ में सादात के सतीश प्रथम और बालगोविंद को द्वितीय स्थान हासिल हुआ। बालिका वर्ग में आरती एवं सोनम क्रमश प्रथम और द्वितीय रही । 200 मीटर दौड़ में तौफीक को प्रथम और अनुराग ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में वंदना प्रथम तथा अर्चना द्वितीय रही। 400 मीटर दौड़ में पंचम प्रथम एवं तौफीक को दूसरा स्थान मिला। जबकि आरती को प्रथम और शालू को द्वितीय स्थान हासिल हुआ। 600 मीटर दौड़ में बालगोविंद प्रथम और सनोज द्वितीय रहे। लम्बी कूद में हरिओम प्रथम और सतीश द्वितीय रहे। निर्णायक मंडल की भूमिका संतोष यादव, शीतला, प्रहलाद, वंशराज यादव, करुणाकर राय, संजय, राजेश यादव, रमेश सोनकर ने निभाई। प्रधानाध्यापक रामेश्वर यादव ने प्रतियोगिता की सफलता पर सभी के प्रति आभार प्रकट किया।