गहमर। दीपावली एवं छठ में घर आने वाले परदेसियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे की ओर से आठ जोड़ी नई स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। रूटीन ट्रेनों में नो-रूम की स्थिति पैदा होने के बाद रेलवे बोर्ड ने स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। पटना-मुगलसराय रेलखंड से होकर ट्रेनें चलाने के रेलवे के फैसले से लाखों यात्रियों को राहत होगी।
मुगलसराय से होकर पटना आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इतनी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है। गाड़ी संख्या 04026/04025 नयी दिल्ली-पटना सुपर फास्ट स्पेशल ट्रेन 15 अक्तूबर, 18 एवं 22 अक्तूबर को दिल्ली से रात 10 बजकर 50 मिनट पर खुलेगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, कानपुर, इलाहाबाद, मुगलसराय, बक्सर, आरा रुकते हुए पटना जाएगी। वापसी में 16, 19 एवं 23 अक्तूबर को पटना से शाम चार बजे खुलेगी। बक्सर में 5 बजकर 30 मिनट पर आएगी। गाड़ी संख्या 04022/04021 आनंद विहार-जयनगर स्पेशल ट्रेन 13, 16 एवं 23 अक्तूबर को चलेगी। आनंद विहार से यह ट्रेन रात 11 बजकर 30 मिनट पर खुलेगी और अगले दिन दोपहर 1 बजकर 28 मिनट पर आएगी। वापसी में जयनगर से गाड़ी संख्या 04021 पंद्रह अक्तूबर, 18, 22 एवं 25 अक्तूबर को दिन में 2 बजकर 45 मिनट पर बक्सर पहुंचेगी। 04024/04023 नयी दिल्ली-दरभंगा स्पेशल ट्रेन 14, 17, 20 एवं 23 अक्तूबर को नयी दिल्ली से शाम 15 बजकर 30 मिनट पर खुलेगी और बक्सर में सुबह आठ बजे यह ट्रेन पहुंचेगी। इसी तरह दरभंगा से 15, 18, 21 एवं 24 अक्तूबर को खुलेगी और बक्सर में रात 1 बजकर 45 मिनट पर आएगी। गाड़ी संख्या 04036/04035 नई दिल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस, 04028/04027 दिल्ली-सहरसा सहित आठ जोड़ी ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा रहा है। इससे यात्रियों को काफी राहत होगी। पूर्व मध्य रेलवे दानापुर मंडल के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि दीपावली एवं छठ में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए इन ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा रहा है ताकि लोग पर्व के दौरान आसानी से आ सकें।