सैदपुर (गाजीपुर)। क्षेत्र के नारायनपुर ककरही गांव में ककरही-दौलतपुर संपर्क मार्ग पर गांगी नदी के नाले पर बनी पुलिया ध्वस्त होने के एक वर्ष बाद भी अधिकारियों की लापरवाही के कारण नहीं बन पाई। इस कारण आधा किमी की दूरी पूरी करने के लिए लोगों को तीन से पांच किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। गर्मी और जाड़े में टूटी पुलिया के बगल के खेतों से निकल जाने वाले बरसात की कल्पना और उसके बाद की दुर्दशा से सिहर जा रहे हैं।
सादात रोड से निकलने वाला यह संपर्क मार्ग भीतरी-धुवार्जुन मार्ग को लिंक करता है। इसके चलते सैदपुर न जाकर लोग लगभग सात से नौ किलोमीटर की दूरी की बचत करते हैं। वहीं बगल के माहपुर स्टेशन से वाराणसी और गोरखपुर की ओर जाने वाले यात्रियों सहित क्षेत्र के दौलतपुर, नारायनपुर, बड़िहारी, खोजनपुर, निजामपुर, पहाड़पुर, बबुरहनी, मुड़ियार, भितरी सहित लगभग दर्जन भर गांवों को लिंक करने वाले सैकड़ों लोगों के आने-जाने में सहूलियत वाला यह रास्ता एक वर्ष से औचित्यहीन बना हुआ है। ग्रामीणों के बीच यह चिंता है कि क्षेत्र के नारायनपुर-दौलतपुर की तमाम खेती नाले के दूसरे हिस्से की और है। बरसात होते ही आवागमन बंद होने से पुलिया की कुछ मीटर की दूरी उन्हें कई किलोमीटर के रूप में तय कराएगी। ग्रामीणों ने कहा है कि लगभग पांच-छह माह पूर्व अमर उजाला में यह समाचार निकलने पर विभाग ने पुलिस निर्माण के लिए सामान गिरा, निर्माण शुरू हुआ, लेकिन खुदाई के बाद काम बंद हो गया। ग्रामीणों ने कहा कि शीघ्र पुलिया निर्माण न होने पर अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। लोनिवि के एक्सईएन आरएन गुप्ता ने बताया कि मद में पैसा नहीं है। इस कारण काम ठप पड़ा हुआ है। पैसा मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।