गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के गंगादास बाबा मोड़ के पास रविवार को बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर ट्राली सड़क के किनारे खाई में पलट गई। इस घटना में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घायल को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया।
आदर्श गांव के छेदी बिंदपुरवा गांव निवासी ट्रैक्टर चालक चतुरी बिंद (40) अपने भाई मथुरी बिंद के साथ ट्रैक्टर ट्राली के साथ जा रहा था। जैसे ही वह टैक्टर लेकर गंगादास बाबा मोड़ के पास पहुंचा सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में पलट गई। इस घटना में चालक ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया। जबकि चालक का भाई दूर जा गिरा। टैक्ट्रर ट्राली पलटने की घटना देख वहां स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने किसी तरह से जेसीबी के सहारे ट्रैक्टर को सीधा कराया। तब तक चालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। मौत की जानकारी होते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया।