मरदह के इफको बाजार खाद बीज वितरण केंद्र पर डीएपी के लिए लाइन में लगे किसान। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
मरदह। क्षेत्र में डीएपी खाद की किल्लत के चलते बस स्टैंड स्थित इफको खाद-बीज वितरण केंद्र पर बुधवार को किसानों की लंबी कतार लगी रही। मंगलवार की रात डीएपी की 900 बोरियों का स्टॉक पहुंचने की सूचना मिलते ही किसानों में खाद लेने की होड़ लग गई। केंद्र पर सुबह 5 बजे से ही केंद्र पर किसानों का जमावड़ा लग गया। केंद्र खुलने से पहले ही करीब 500 किसान लाइन में खड़े नजर आए। भीड़ बढ़ने पर संचालक सोनू यादव ने व्यवस्था बनाए रखने की अपील की, लेकिन स्थिति संभालना मुश्किल हुआ तो डायल 112 और थाना पुलिस को बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में किसानों को कतारबद्ध किया गया और डीएपी वितरण शुरू हुआ। लगभग 200 किसानों को 10 घंटे में करीब 400 बोरी डीएपी खाद का वितरण किया गया। इस दौरान किसानों को खेत की खतौनी, आधार कार्ड और पाश मशीन पर अंगूठा लगाकर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी पड़ी, जिससे वितरण में समय लगा और सुबह 10 बजे से देर शाम तक लाइनें लगी रहीं। मरदह गांव के किसान भोला राम ने बताया कि किसान पिछले कई दिनों से समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खाद नहीं मिल रही थी। वहीं, पड़िता गांव निवासी विजय शंकर यादव ने कहा कि किसान दस दिन से डीएपी के लिए परेशान है। गेहूं, जौ, चना और आलू की फसल के लिए यह बहुत जरूरी है। बारिश की वजह से पहले ही बुवाई में देरी हो चुकी है।
63 गांवों के किसानों को नहीं मिली डीएपी-मरदह ब्लॉक के 11 न्याय पंचायतों के 63 गांवों में अब तक डीएपी की पर्याप्त आपूर्ति न होने से गेहूं और सरसों की बोआई प्रभावित हो रही है। खेतों में नमी सूखने लगी है और किसान चिंता में हैं।
अगले दो से तीन दिनों में मरदह ब्लॉक की सभी समितियों पर यूरिया और डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी, ताकि किसानों को राहत मिल सके।-विद्याप्रकाश श्रीवास्तव, एडीओ सहकारिता विभाग, मरदह ब्लॉक।