बारा। ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ठगी का एक नए तरह का मामला सामने आया है। ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी से खरीदारी के दौरान एक दरोगा की पुत्री के साथ धोखाधड़ी हुई। ठगों ने खाते से 88 हजार रुपये उड़ा दिए।
बारा गांव के कोट मुहल्ला निवासी तौफीक खां प्रतापगढ़ में दरोगा के पद पर तैनात हैं। उनकी पुत्री सूफिया खातून ने इंस्टाग्राम के सारा आईडी कुर्ती कलेक्शन पर एक हजार रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग की थी। सूफिया ने कैश ऑन डिलीवरी लिंक का इस्तेमाल किया तो नॉट कैश ऑन डिलीवरी का एसएमएस आया। मेसेज पढ़ते ही उसने ऑनलाइन एक हजार रुपये का भुगतान कर दिया। इसके बाद विश्वास में लेकर अलग-अलग तरीके से पेमेंट कराकर उसके खाते से 88 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़िता के मुताबिक ठगों ने उसके डिलीवरी के लिए पते का सत्यापन करने के लिए एक वेरिफिकेशन वाट्सएप कॉल की थी। जब उसने लिंक का इस्तेमाल कर भुगतान किया तो उसके खाते से दस बार में 88 हजार रुपये काट लिए गए। जब गड़बड़झाले का पता चला तो उन्होंने इसकी शिकायत गहमर कोतवाली में की। साथ ही 1930 पर कॉल करके भी जानकारी दर्ज कराई। पीड़िता के मुताबिक शिकायत पर 65 हजार रुपये होल्ड करा दिया है। जबकि शेष रुपये ठगों ने दूसरी जगह ट्रांजेक्शन कर दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गहमर अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।