सादात। इलाके के वृंदावन गांव में हुए विकास कार्यों की जांच करने शुक्रवार को परियोजना निदेशक वीपी वर्मा एवं जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे पहुंचे। ग्रामवासी जय सिंह यादव की शिकायत पर जांच के लिए पहुंचे अधिकारियों ने शौचालय, आवास और मनरेगा के कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान पता चला कि करीब 150 में से आधे से अधिक शौचालय अपूर्ण हैं। अधिकांश शौचालय छत और दरवाजे विहीन मिले। जबकि 2016 से 2018 तक स्वीकृत इंदिरा, लोहिया और प्रधानमंत्री आवास की स्थिति भी बहुत संतोषजनक नहीं रही। महरजिया पत्नी देवनाथ समेत कई लाभार्थियों के आवास तो बने ही नहीं थे। हालांकि मनरेगा कार्य की जांच में काफी हद तक सही पाए गए। पीडी ने बताया कि जांच रिपोर्ट पंचायत राज समिति को प्रेषित की जाएगी। इस दौरान बीडीओ अरुण कुमार पांडेय, अन्य अधिकारी गण तथा काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।