गाजीपुर। वर्तमान परिवेश में किसी को जुल्म, पीड़ा और अपराध सहने की आवश्यकता नहीं है। लोग जागरूक हों और गलत काम का विरोध करें। अपने इर्द-गिर्द होने वाले अपराध के खिलाफ खड़े होने का साहस जुटाएं। खासकर लड़कियों को भी बेझिझक आगे आने की जरूरत है। कानून का सम्मान करें और जब कभी अवसर मिले भलाई का काम करें। बढ़-चढ़ कर अच्छे कार्यों में भाग लें। प्रत्येक नेक काम ईश्वर का काम है। यह सीख मुख्य अतिथि एसपी सिटी प्रदीप दूबे ने ‘अमर उजाला’ फाउंडेशन की ओर से बुधवार को लूदर्स कान्वेंट बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम में छात्राओं को दी।
उन्होंने पुलिस के गठन, सुरक्षा, बच्चों की सुरक्षा तथा भूमिका आदि बातों को विस्तार से समझाते हुए सभी को सत्कर्म के लिए प्रेरित किया। गीता के श्लोक, रामायण के दोहों से उदाहरण देकर बच्चों में धर्म और मर्यादा की सीख दी। आत्मा- परमात्मा के माध्यम से जीवन का उद्देश्य समझाया। कहा कि सभी को नियम-कानून के दायरे में रह कर अच्छे नागरिक का फर्ज निभाना चाहिए। उन्होंने छात्राओं की ओर से पूछे गए सवालों का बेबाकी से जबाब दिया और सभी का जवाब देकर उन्हे संतुष्ट किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र का सबसे पहले अनावरण किया। इसके बाद माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरूआत की। कॉलेज की प्रधानाचार्या सिस्टर एम. अल्फोंसा ने कहा कि समाज में लड़कियों की सुरक्षा संकट में है। उन्हें जागरूक होने की आवश्यकता है। महिला पुलिस की ओर से थानाध्यक्ष निधि ने छात्राओं से कहा कि चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलें का नारा देते हुए खूब उत्साहवर्धन किया। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 और 108 आदि नंबरों के बारे में जानकारी दी। छात्राओं के लिए महिला पुलिस की सक्रियता और कार्यों के बारे में भी बताया। सामूहिक रूप से अपना नंबर 9454404886 देते हुए कहा कि समस्या आने पर कभी भी फोन किया जा सकता है। प्रधानाचार्या ने मुख्य अतिथि को तथा अमर उजाला परिवार की तरफ से प्रधानाचार्या को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस मौके पर सभी छात्राओं को देश की एकता, अखंडता, सुरक्षा बनाए रखने तथा सच्चे नागरिक का कर्तव्य निभाने के प्रति शपथ दिलाया गया। कक्षा छह की छात्रा शालिनी तिवारी ने पुलिस पर कविता सुना कर खूब तालियां बटोरी। संचालन करते हुए वेलफेयर क्लब के अध्यक्ष डा. शरद वर्मा ने किया। इस मौके पर मर्सिया, प्रीती, संजीता, मनोरमा राय, रामबचन, राजेन्द्र शर्मा, रीता सिंह, गार्गी उपाध्याय, श्वेता राय समेत सभी शिक्षक तथा छात्राएं मौजूद रहीं।