गाजीपुर। शहर के आमघाट सहकारी कालोनी स्थित डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में डेंटल चेकअप कैंप का आयोजन मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर इंडियन डेंटल एसोसिएशन की टीम ने बच्चों के दांत और मुंह की जांच की। टीम ने डेमो किट के जरिए बच्चों को बताया कि दांत और मुंह की साफ-सफाई किस प्रकार से करनी चाहिए। अगर मुंह और दांतों को साफ न रखा जाए तो किसी को भी विभिन्न बीमारियों का सामना करना पड़ेगा। कम से कम दिन भर में दो बार ब्रश जरूर करना चाहिए।
कैंप में जिन बच्चों के दांतों में समस्या पाई गई उनका निदान किया गया। ब्राइट स्माइल, ब्राइट फ्यूचर कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों में टूथपेस्ट, टूथब्रश और टूथकेयर चार्ट का वितरण किया। कार्यक्रम में डा. मनीष राय, डा. पवन कुमार राय, डा. धमेंद्र प्रताप सिंह, डा. विजय वर्मा, डा. अमलेंदु द्विवेदी, डा. धर्मवीर प्रसाद का सराहनीय योगदान रहा। स्कूल की ओर से प्रिंसिपल सनोबर बानो, प्रेमप्रकाश राय, ऋषभ अग्रवाल, स्मृति, निधि, श्रेया, एकता, प्रियंका, श्रद्धा, दीप्ति एवं सरस्वती उपस्थित थीं। अंत में स्कूल की ओर से प्रबंधक शरद अग्रवाल ने डाक्टरों की टीम के प्रति आभार प्रकट किया।