सैदपुर। कोतवाली क्षेत्र के औड़िहार जंक्शन पर शनिवार को सेना भर्ती से लौट रहे युवकों ने जमकर हंगामा किया। युवकों ने वाराणसी से भटनी जा रही पैसेंजर ट्रेन के इंजन पर चढ़कर हो-हल्ला किया। इससे ट्रेन लगभग 25 मिनट बाद रवाना हुई।
गाजीपुर सेना भर्ती रैली से बड़ी संख्या में युवक स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से औड़िहार जंक्शन पहुंचे। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे युवक प्लेटफार्म पर हो हल्ला करते रहे। युवकों की भीड़ देख जीआरपी के उपनिरीक्षक सौरभ पांडेय, सिपाही जितेंद्र प्रजापति, जयराम यादव तथा आरपीएफ के उप निरीक्षक पुरुषोत्तम मिश्र, कांस्टेबल विनय कुमार, केके राय, सदानंद यादव, कृष्ण गोपाल यादव ने प्लेटफार्म पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी। वाराणसी से भटनी जाने वाली 55122 डाउन पैसेंजर ट्रेन के पहुंचने पर युवकों की भीड़ यात्री डिब्बों के अलावा इंजन पर भी चढ़ गई। युवकों को इंजन पर चढ़ने पर गाड़ी के चालक ने गाड़ी को आगे ले जाने से इंकार कर दिया। इसकी जानकारी होने के बाद आरपीएफ और जीआरपी के उप निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर युवकों को समझा-बुझाकर इंजन खाली कराया।