गाजीपुर। श्री चित्रगुप्त वंशीय सभा का होली मिलन समारोह रविवार की रात शहर के ददरीघाट स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। इस मौके पर आयोजित कवि सम्मेलन एवं मुशायरा का लोगों ने देर रात तक आनंद उठाते हुए जमकर ठहाका लगाया।
इलाहाबाद के मशहूर कवि एवं अधिवक्ता अखिलेश द्विवेदी ने अपने हास्यमय अंदाज में राजनेताओं एवं सामाजिक व्यवस्था पर प्रहार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर अखिलेश एवं लालू तथा राबड़ी को भी अपनी कविता का केंद्र बनाकर लोगों को खूब हंसाया। ्कवि प्रदीप गहमरी ने जहां घोटालेबाज मीरव मोदी की धज्जियां उड़ाकर लोगों की तालियां बटोरी। वही फजीहत गहमरी ने भी संचालक हरिनरायण हरीश के साथ खुद को जोड़कर खुद की फजीहत करते हुए ठहाके लगवाए। बनारस के कवि अनिल चौबे, बिहार के शंकर कैमूरी की हास्य व्यंग कविता को भी लोगों ने खूब सराहा। इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने मां सरस्वती एवं भगवान चित्र चित्रगुप्त के चित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। रश्मि शाक्या ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। इस अवसर पर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, सरदार दर्शन सिंह, आरएसएस के जिला प्रचारक अधिवक्ता दीनानाथ, एजाज अहमद, विरेंद्र पांडेय, विजयशंकर पांडेय, कांग्रेस नेता राघवेंद्र पाठक, रविकांत राय, अमिताभ अनिल दुबे, डा. शरद कुमार वर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे। संचालन कवि हरिनरायन हरीश ने किया।