कासिमाबाद (गाजीपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 स्थित बेसो नदी पर बने कठवामोड़ पुल में एक साल पहले आई दरार से भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से ठप कर दिया गया था। जिला प्रशासन इस समस्या को दूर करने के लिए पुल के बगल से बाईपास बनाकर वाहनों का संचालन बीते शनिवार से शुरू किया। लेकिन पांचवें दिन शादी-विवाह का सीजन होने से मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से भयंकर जाम लग गया। देर रात तक लोग जाम का झाम झेलते रहे। सायंकाल पांच बजे से लगा जाम रात नौ बजे के बाद भी जारी रहा। करीब आठ किलोमीटर तक लगे इस जाम की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग समय से अपने गंतव्य पर नहीं पहुंच सके।
राष्ट्रीय राजमार्ग- 31 गाजीपुर से हाजीपुर (बिहार) को जोड़ता है। जिला मुख्यालय से सटे बेसो नदी पर बने कठवामोड़ पुल में पिछले साल अगस्त माह में दरार पड़ने के बाद वाहनों का संचालन ठप कर दिया गया। कुछ दिनों के बाद पुल से छोटे वाहनों के गुजरने की अनुमति दे दी गई, लेकिन भारी वाहनों का आवागमन ठप था। पुल पर एक वर्ष से केवल दोपहिया के साथ हल्के चारपहिया वाहन ही आते-जाते रहे हैं। जिला प्रशासन ने यात्रियों की असुविधा को देखते हुए पुल के बगल से बाईपास का निर्माण करा कर बीते शनिवार से संचालन चालू कराया। अब बाईपास से सभी छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन की इजाजत जिला प्रशासन ने दे दी है। मार्ग चालू होने के बाद वाहनों की लंबी कतार और आगे निकलने के लिए आड़ा-तिरछा करते ही जाम लग जा रहा है। गुरुवार की शाम से लेकर देर रात तक लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
सड़क जाम रौजा से लेकर शाहबाजकुली तक तथा कासिमाबाद रसड़ा मार्ग पर पारा तक लगा हुआ था। करीब आठ किमी तक वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। सड़क जाम होने से रात करीब नौ बजे तक लोग जहां-तहां फंसे रहे। पुलिस के काफी प्रयास के बाद किसी तरह जाम समाप्त हुआ। घंटों लगे जाम की वजह से मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रकों एवं छोटे-बड़े वाहनों के आड़े तिरछे निकलने के चक्कर में जाम लगा और इसे खुलवाना पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया था। काफी परिश्रम के बाद जाम को समाप्त कराने में पुलिस को सफलता मिली। जाम की वजह से कई लोग शादी-विवाह के कार्यक्रम में निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सके। एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। आए दिन जाम लगने से लोगों में आक्रोश है। पुलिस कप्तान सोमेन वर्मा ने बताया कि नोनहरा थानाध्यक्ष सहित शहर की पुलिस को सतर्क कर दिया गया है। पिछले तीन दिन से शादी-विवाह के चलते वाहनों का दबाव बढ़ गया था, जिससे जाम लग रहा था। अब ऐसी समस्या उत्पन्न न हो इसके लिए पुलिस को सतर्क कर दिया गया है।