मासूम की पिटाई कर गर्म राड से दागा
रात में पड़ोसी के परचून की दूकान में चल गया था मासूम
पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार, पुत्र फरार
भांवरकोल थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
भांवरकोल (गाजीपुर)।
थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में मंगलवार की रात दूकान में घुसने पर पड़ोसियों ने एक मासूम को न सिर्फ जमकर पीटा वरन लोहे की गर्म राड से उसे कई स्थानों पर दाग दिया। घायल बालक के पिता ने पड़ोसी पिता-पुत्र के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बेटा फरार हो गया है।
भदौरा निवासी श्रीराम राजभर का बेटा उमेश राजभर (7) रोज की तरह रात में अपने घर में सोया था। देर रात अपने घर ओर पड़ोसी घर के बीच की छोटी दीवार को लांघकर वह पड़ोसी राजकुमार के घर में चला गया और आंगन से होते हुए उसकी परचून की दूकान में घुस गया। खट-पट की आवाज सुनकर राजकुमार दूकान में पहुंचा और उमेश को पकड़कर उसकी पिटाई करने लगा। इसी बीच राजकुमार का पुत्र सोनू भी वहां पहुंच गया और उसने भी उमेश की पिटाई की और लोहे का राड गर्म कर उमेश के शरीर पर कई जगह दाग दिया। रोते हुए बालक ने घर जा कर परिवार के लोगों को सारी बात बताई। इसे लेकर राजकुमार और श्रीराम के परिवार में काफी देर तक कहासुनी हुई। बुधवार की सुबह श्रीराम और उसकी पत्नी नीरा उमेश को लेकर थाने पहुंच गए और पुलिस को सारी बात बताते हुए नामजद तहरीर दी। पुलिस ने उमेश से पूछताछ की। घायल बालक के पिता श्रीराम ने बताया कि टाफी- बिस्किुट की लालच में मेरा बेटा पड़ोसी की दूकान में चला गया था। पड़ोसी ने इसकी शिकायत मुझसे न कर उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसे लोहे की राड से दाग दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर राजकुमार गुप्ता और उसके पुत्र सोनू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार सोनू की तलाश की जा रही है। बालक को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।