गाजीपुर। विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में गुरुवार को आयोजित हुई। इसमें जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने भू-माफियाओं के संबंध में सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। डायरी सही नहीं भरने पर दो जेई का वेतन रोकने के साथ भूमि संरक्षण अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
डीएम ने आईजीआरएस में खराब प्रगति वाले विभागों के अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। इसी प्रकार तहसील दिवस पर आए प्रकरण को तीन दिन के अंदर निस्तारित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों के कार्यों की डायरी भी चेक की। इस दौरान जेईएमआई कैलाश सिंह यादव एवं विद्युत विभाग के जेई पंकज कुमार को डायरी सही ढंग से न भरे जाने पर वेतन रोकने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया कि सड़कों की गुणवत्ता की जांच करते हुए रिपोर्ट दें। जांच किए गए कार्यों का रजिस्टर बनाए जाने का भी निर्देश दिया। कैशलेस चिकित्सा के लिए विभागों का आनलाइन काम कम होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एक सप्ताह में सभी डीडीओ को कैशलेस कार्ड के लिए आनलाइन करने को कहा। जिला पूर्ति अधिकारी से क्रियाशील एवं निलंबित राशन की दूकानों की सूची प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण अविलंब कराए। गलत निस्तारण पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को चारा के लिए टेंडर प्रक्रिया 29 जुलाई तक पूर्ण करने की हिदायत दी। डीएम ने बाढ़ की आशंका को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पहले से तैयारी कर लें। पोषण मिशन में लगाए गए अधिकारियेां को निर्देश दिया कि वे अपने निर्धारित ग्रामों में बच्चों को कुपोषण मुक्त कराए। इसमें किसी विभाग के सहयोग की आवश्यकता हो तो लिया जा सकता है। इस कार्य में अच्छे कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। ग्रामों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के सफाई कर्मियों का व्हाट्सअप समूह बनाने का निर्देश दिया।