गाजीपुर। जिले के 2266 में से 1916 प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में कक्षा एक से 3 तक के विद्यार्थियों का परख एप से बुधवार को निपुण एसेसमेंट टेस्ट (एनएटी) आयोजित हुआ। इसमें सभी विकासखंडों के 40124 बालक एवं 43225 बालिका सहित कुल 83349 में 79932 विद्यार्थियों ने (95.98 फीसदी) परीक्षा दी। इसमें 38277 बालक एवं 41655 बालिकाएं हैं।
सबसे ज्यादा बच्चे मरदह विकासखंड क्षेत्र में 98.57 तथा सादात में सबसे कम 91.75 प्रतिशत उपस्थित थे। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने संयुक्त रूप से शिक्षा क्षेत्र मनिहारी के प्राथमिक विद्यालय मनिहारी का निरीक्षण किया। इस दौरान सीडीओ ने बच्चों से परीक्षा संबंधी प्रश्नों के उत्तर पूछे जिसका उन्होंने सकारात्मक उत्तर दिया। इसके बाद बीएसए ने शिक्षा क्षेत्र सदर के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों के ज्ञान को परखा। उन्होंने स्वयं बच्चों से प्रश्नों का उत्तर पूछकर ओएमआर शीट पर उसे अंकित किया। अध्यापकों को यह निर्देश दिया गया कि एनएटी परीक्षा पारदर्शी ढंग से हो। किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी की ओर से परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलास्तरीय एवं ब्लाक के सभी अधिकारियों की टीम गठित की गई है। टीम विकासखंड क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों का भ्रमण कर इसकी शुचिता को परखेगी। इसके बाद अपनी आख्या जिलाधिकारी के यहां प्रस्तुत करेगी।