गाजीपुर। जिले में गेहूं की खरीद के लिए इस बार विभिन्न संस्थाओं के 76 क्रय केंद्र खुलेंगे। इसके लिए शासन की तरफ से समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। उधर, लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 25 लाख 89 हजार 999.4 क्विंटल धान की खरीद कर ली गई है।
जिले में गेहूं की खरीद शुरू होने में अभी काफी समय शेष है लेकिन इसकी तैयारी शुरू हो गई है। इस बार गेहूं की खरीद के लिए विभिन्न संस्थाओं के 76 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। इसमें विपणन के 20, पीसीएफ के 15, पीसीयू के 29, यूपीएसएस 6, नेफेड और एफसीआई के 3-3 केंद्र शामिल हैं। जिले में धान की खरीद अंतिम चरण में है। शासन की ओर से इस वर्ष 25 लाख 90 हजार क्विंटल लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
इसके लिए विभिन्न एजेंसियों के 168 केंद्र खोले गए थे। इसकी तुलना में लगभग शत-प्रतिशत खरीद कर ली गई है। अब तक 25 लाख 89 हजार 999.4 क्विंटल धान की खरीद कर ली गई है। यह 39 हजार 972 किसानों से की गई है। बीते वर्ष 25 लाख दो हजार 463.86 क्विंटल की खरीद 153 क्रय केंद्रों पर की गई थी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनुराग पांडेय ने बताया कि गेहूं की खरीद के लिए विभिन्न एजेंसियों के 76 क्रय केंद्र खोले जाएंगे। इस बार 2585 प्रति क्विटंल समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है।