देश के समस्त किसान संगठन मिलकर सरकार का मुकाबला करें : अतुल अंजान
उत्तर प्रदेश किसान सभा का 25वां राज्य सम्मेलन संपन्न
प्रदेश के 40 जिलों के 350 प्रतिनिधियों ने भाग लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश किसान सभा का 25 वां तीन दिवसीय राज्य सम्मेलन लंका मैदान में शनिवार को संपन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेश के 40 जिलों के 350 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन के अंतिम सत्र में 75 सदस्य राज्य काउंसिल का चयन सर्वसम्मति से किया गया।
सम्मेलन का समापन करते हुए मुख्य अतिथि अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव अतुल कुमार अंजान ने कहा कि समय की मांग है कि देश के समस्त किसान संगठन मिलकर किसान विरोधी सरकार का मुकाबला करें। वक्ताओं ने कहा कि जिले में बंद पड़ी नंदगंज चीनी मिल, बड़ौरा की कताई मिल, पोस्ते की खेती का लाइसेंस, पेंशन एमएससी की गारंटी कृषि उपज की लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए तथा गाजीपुर में विश्वविद्यालय स्थापित करने की मांग को लेकर भविष्य में किसान सभा प्रदेश में बड़ा आंदोलन करेगी।
सम्मेलन समाप्ति के बाद नवनिर्वाचित राज्य काउंसिल की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें सर्वसम्मति से इम्तियाज बैग अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजेंद्र यादव महामंत्री निर्वाचित हुए। अध्यक्ष एवं महामंत्री सहित 13 सदस्य राज्य मंत्रिपरिषद का भी चयन सर्वसम्मति से किया गया। सम्मेलन के संयोजक राजेंद्र यादव ने आए हुए प्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
इसके बाद सम्मेलन के आयोजक किसान सभा के जिलाध्यक्ष जनार्दन राम और किसान सभा के जिला मीडिया प्रभारी घूरा यादव उपाध्यक्ष रामकेर यादव, संगठन मंत्री सुरेंद्र राम ने धन्यवाद ज्ञापित किया। नई राज्य काउंसिल की अध्यक्षता अशोक तिवारी ने किया।