मुहम्मदाबाद(गाजीपुर)। भांवरकोल विकासखंड के अवथहीं गांव स्थित ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल के परिसर में रविवार को विद्यालय का प्रथम वार्षिकोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के सदस्य ओपी राय ने मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप जलाकर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत बच्चों ने गणेश स्तुति और सरस्वती वंदना के साथ की। इसके बाद बच्चों ने वेलकम आल ऑफ यू गीत प्रस्तुत कर आगंतुकों का स्वागत किया। आज है संडे हॉली डे गीत पर नृत्य कर बच्चों ने दिखाया कि कितना महत्वपूर्ण है उनके लिए रविवार की छुट्टी। इसके बाद फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाई। बच्चों ने मौलिक अधिकारों को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। बच्चियों ने राजस्थानी गीत पर डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को तालियां बजाने पर मजबूर किया। मिडिल वर्ग के छात्रों ने कव्वाली प्रस्तुत कर अतिथियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद बच्चों ने एरोबिक डांस योगा यूनिटी ऑफ डाइवर्सिटी पर नृत्य और मतदान के लिए जागरूक करने के लिए कार्यक्रम प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत विद्यालय के निदेशक भानूप्रताप राय ने माल्यार्पण कर किया। अंत में प्रबंध निदेशक इंद्रसेन राय ने आभार तथा संचालन ज्योति शर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य संतोष राय, सदानंद राय, दरोगा राय, दिवाकर राय, विनोद राय, मानसमणि राय, संजय राय एवं प्रवीण पांडेय आदि उपस्थित थे।