गाजीपुर। पुरापी पेंशन की बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस अवसर पर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सभा आयोजित कर वक्ताओं ने सरकार को जमकर कोसा।
मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार कर्मचारियों ने अपनी मांगो के समर्थन में कार्यालयों में तालाबंदी कर क्षेत्र पंचायत कार्यालय के परिसर में धरना दिया। हड़ताली कर्मचारियों के सचल दस्ते ने ब्लॉक संसाधन केन्द्र एवं कुछ अन्य खुले हुए प्राथमिक विद्यालय एवं कार्यालयों को बंद कराया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होगी आंदोलन जारी रहेगा। धरना में सूर्यभान कुमार राय, राजीव कुमार ओझा, तिलकधारी यादव, अमित कुमार राय, बालाजी राय आदि उपस्थित थे। देवकली में बीआरसी देवकली पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री डा. दीनानाथ सिंह यादव तथा ग्राम विकास अधिकारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष जयप्रकाश पाल के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अगर एस्मा लगा कर कर्मचारियों का उत्पीङ़न किया गया तो हम आगामी चुनाव में अपनी ताकत का एहसास कराएंगे। इस अवसर पर जयप्रकाश पाल, मनोज चौबे, विरेन्द्र मौर्य, संजय यादव आदि उपस्थित थे। औड़िहार संवाददाता के मुताबिक ब्लॉक संसाधन केन्द्र सैदपुर के परिसर में वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के मामले में शिक्षक, कर्मचारी अन्य कोई विकल्प किसी भी दशा में स्वीकार नहीं करेंगे। धरना में सत्यनारायण सिंह, कमलेश यादव, मृत्युंजय यादव, बदन चंद, राघवेंद्र मिश्र, भूपेन्द्र सिंह आदि ने विचार व्यक्त किया। संचालन इसरार अहमद सिद्दीकी ने किया। कासिमाबाद में तहसील मुख्यालय पर पुरानी पेंशन बहाली को लेकर दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। धरना-प्रदर्शन में श्याम बिहारी यादव, डा. राजेश कुमार सिंह, चितरंजन चौहान, अनिल कुमार यादव, उदयशंकर यादव, ओमशंकर सिंह, जानू राम, जयप्रकाश सिंह, विंध्यवासिनी पांडेय आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता विजय नारायण यादव तथा संचालन पवन कुमार पांडेय ने किया।